मुंगेर के हरिमोहन सिंह बने बिहार बालिका खो-खो टीम के असिस्टेंट कोच
खिलाड़ियों को निखारना ही प्राथमिकता : हरिमोहन सिंह
मुंगेर। बिहार के खेल जगत के लिए एक और गौरवशाली उपलब्धि जुड़ गई है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के संस्थापक हरिमोहन सिंह को खेलों इंडिया यूथ गेम्स 2025 के लिए बिहार बालिका खो-खो टीम के प्रशिक्षण शिविर का असिस्टेंट कोच नियुक्त किया गया है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक ने उनके चयन की घोषणा की। यह न केवल मुंगेर जिले के लिए, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है।
हरिमोहन सिंह बिहार के ऐसे पहले स्पोर्ट्स प्रमोटर बन गए हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। खेलों इंडिया यूथ गेम्स के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब बिहार की खो-खो बालक एवं बालिका टीमें हिस्सा लेंगी।
राष्ट्रीय स्तर पर निभाई अहम भूमिकाएं
हरिमोहन सिंह ने इससे पहले भी देश के कई राज्यों — झारखंड, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, दिल्ली, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, हरियाणा सहित — विभिन्न खेल आयोजनों में कोच, रेफरी, तकनीकी अधिकारी और चयनकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हाल ही में, वे दिल्ली में आयोजित खो-खो वर्ल्ड कप में मैनेजमेंट कमिटी के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर भी सक्रिय रहे।
मुंगेर के खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए हरिमोहन सिंह ने कहा, “मुंगेर के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है। मेरा उद्देश्य इस प्रतिभा को सही मार्गदर्शन देना और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का परचम लहराना है।” उन्होंने बताया कि अब तक उनके मार्गदर्शन में चार दर्जन से अधिक खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं।
सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की नीतियों की सराहना करते हुए हरिमोहन सिंह ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को न केवल पुरस्कार राशि बल्कि सरकारी नौकरियों में भी अवसर मिल रहे हैं। इच्छुक खिलाड़ी प्रशिक्षण के लिए उनसे 9123142461 पर संपर्क कर सकते हैं।
समाजसेवा और खेल विकास में अग्रणी
हरिमोहन सिंह पिछले 12 वर्षों से खो-खो सहित विभिन्न खेलों के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। शारीरिक, मानसिक, श्रवणबाधित, मूकबधिर, दृष्टिबाधित एवं अन्य दिव्यांग वर्ग के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर राष्ट्रीय, राज्य और प्रमंडलीय स्तर पर सम्मान दिलवाया है।
खेल और समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें बिहार के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, खेल मंत्री, समाज कल्याण मंत्री सहित विभिन्न मंत्रालयों द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
शुभकामनाओं का तांता
हरिमोहन सिंह की इस नई उपलब्धि पर मुंगेर जिला प्रशासन, आर्ट-कल्चरल एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया, मुंगेर जिला खो-खो संघ, मुंगेर योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मुंगेर कराटे एसोसिएशन, मुंगेर हैंडबॉल एसोसिएशन, फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया बिहार चैप्टर सहित समाजसेवियों, राजनेताओं और खेल प्रेमियों ने हार्दिक बधाई दी है।