भारतीय नौसेना ने अरब सागर में दिखाई मारक क्षमता, कई एंटी-शिप मिसाइल परीक्षण सफल
TWM News

नई दिल्ली। हालिया आतंकवादी घटनाओं के बीच भारत ने अपनी समुद्री सीमाओं की सुरक्षा को और पुख्ता करने के उद्देश्य से बड़ा सैन्य अभ्यास किया है। भारतीय नौसेना ने अरब सागर में कई एंटी-शिप मिसाइल परीक्षण सफलतापूर्वक कर अपनी युद्ध तत्परता का दमखम दिखाया। यह अभ्यास लंबी दूरी तक सटीक आक्रमण करने की क्षमताओं के दोबारा सत्यापन और युद्धपोतों, प्रणालियों और नौसैनिक दलों की तैयारियों की पुष्टि के लिए किया गया।

भारतीय नौसेना ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “भारतीय नौसेना किसी भी स्थिति में, कभी भी, कहीं भी देश के समुद्री हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह से युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय और भविष्य के लिए तैयार है।”

जानकारी के अनुसार, इस अभ्यास में नौसेना के अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों ने भाग लिया और सफलतापूर्वक लक्ष्य भेदन किया। ये परीक्षण ऐसे समय में हुए हैं जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत-पाक संबंधों में तनाव बढ़ा है। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी।

इससे पहले भी भारतीय नौसेना के नवीनतम स्वदेशी विध्वंसक युद्धपोत आईएनएस सूरत ने अरब सागर में मध्यम दूरी सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल (MR-SAM) प्रणाली का सफल परीक्षण कर भारतीय रक्षा क्षमताओं को नया बल दिया था। आईएनएस सूरत द्वारा समुद्र की सतह के करीब उड़ने वाले लक्ष्य पर सटीक हमला कर नेटवर्क आधारित युद्ध क्षमताओं का सफल प्रदर्शन किया गया।

गौरतलब है कि आईएनएस सूरत, प्रोजेक्ट 15बी गाइडेड मिसाइल विध्वंसक श्रेणी का हिस्सा है और इसे 75% स्वदेशी सामग्री से निर्मित किया गया है। यह पोत उन्नत हथियार प्रणाली, अत्याधुनिक सेंसर्स और नेटवर्क-संचालित क्षमताओं से लैस है, जो भारतीय नौसेना को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *