झामुमो के 13वें महाधिवेशन में बड़ा बदलाव : हेमंत सोरेन बने केंद्रीय अध्यक्ष, शिबू सोरेन को संस्थापक संरक्षक की जिम्मेदारी
रांची, 

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 13वें महाधिवेशन का दूसरा दिन ऐतिहासिक फैसलों का गवाह बना। राजधानी रांची के खेलगांव स्थित शहीद हरिवंश टाना भगत इनडोर स्टेडियम में आयोजित इस महाधिवेशन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पार्टी का नया केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया।

पार्टी संविधान में संशोधन कर यह ऐलान किया गया, वहीं पार्टी के संस्थापक और झारखंड आंदोलन के पुरोधा गुरुजी शिबू सोरेन को झामुमो का संस्थापक संरक्षक घोषित किया गया। यह निर्णय झामुमो के लिए एक नई पीढ़ी के नेतृत्व की शुरुआत मानी जा रही है।

महाधिवेशन के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “यह बदलाव केवल पदों का नहीं, बल्कि संगठन को नई दिशा देने का संकल्प है। झामुमो की राजनीति आदिवासी, मूलवासी और आम जनता के अधिकारों की आवाज है और यही संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।”

गौरतलब है कि झामुमो के इतिहास में यह मौका 38 वर्षों के बाद आया है, जब पार्टी अध्यक्ष का पद बदला गया है। इससे पहले लगातार शिबू सोरेन इस पद की जिम्मेदारी संभालते रहे।

दो दिवसीय महाधिवेशन में झारखंड के कोने-कोने से आए हजारों प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा की। संगठन के आंतरिक चुनाव, सामाजिक मुद्दों, आदिवासी अधिकारों तथा राज्य के विकास से जुड़े मसलों पर भी गहन विमर्श हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *